सुल्तानपुर और खीरी पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई में मारा गया तालिब
दर्ज थे कुल 17 आपराधिक मुकदमे, काफी दिनों से चल रहा था फरार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एक लाख का इनामी तालिब उर्फ आज़म सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मारा गया। आजम शातिर किस्म का दुर्दांत अपराधी था और मादक पदार्थ सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। पुलिस को मौके से अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुए हैं।
लखीमपुर-खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र स्थित गौरिया गांव निवासी 26 वर्षीय कुख्यात बदमाश तालिब उर्फ आज़म लखीमपुर-खीरी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई जघन्य वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि अबकी बार आजम सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र किसी बड़ी घटना करने की फिराक में था कि इसी दौरान सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी की पुलिस को भनक लग गई। तालिब को दबोचने के लिए पुलिस टीम नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। तभी एक युवक संदिग्ध हालात में आता दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर कुंवर अनुपम सिंह के मुताबिक पुलिस टीम उसे रूकने का इशारा किया तो बेखौफ बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से तालिब घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के मुताबिक मुठभेड़ में ढेर हुआ तालिब उर्फ आज़म ख़ान शातिर किस्म का अपराधी था लखीमपुर-खीरी पुलिस अधीक्षक ने इसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के मुताबिक मौके से अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुए हैं।




