स्कूल के प्रधानाचार्य ने आबकारी विभाग को लिखा पत्र
मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में आज रहीमाबाद थाना क्षेत्र में स्कूल तथा देव स्थान के पास खोली गई देशी शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग करते हुए आबकारी विभाग को स्कूल के प्रधानाचार्य ने पत्र लिखा है।
मलिहाबाद तहसील क्षेत्र के थाना रहीमाबाद अंतर्गत रुसेना ग्राम पंचायत में देशी शराब की नई दुकान चैना चौराहे पर खोली गई है। यह दुकान पास के ही श्रीमती सुशीला देवी मांटेसरी स्कूल तथा बाबा ब्रह्मदेव स्थान के पास है। मंदिर में पूरा दिन श्रद्धालु पूजा अर्चना करते हैं तथा स्कूल के बच्चे आते जाते हैं। बुधवार को स्कूल के प्रधानाचार्य ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है कि शराब की दुकान देव स्थान व स्कूल से पांच सौ मीटर दूर होनी चाहिए लेकिन नियमों को दरकिनार कर यहां शराब की दुकान खोल दी गई है जिससे स्कूल के बच्चों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है।
उन्होंने आबकारी विभाग से इस शराब की दुकान को स्कूल व देव स्थान से पांच सौ मीटर दूर खोले जाने की मांग की है। और उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द अगर ऐसा नहीं हुआ तो मजबूरन वह स्कूल के छात्र छात्राओं के साथ विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में आबकारी इंस्पेक्टर अखिलेश चौधरी से बात हुई तो उन्होंने बताया कि मौके पर जाकर जांच की जाएगी अगर नियमों के विरुद्ध शराब की दुकान खोली गई है तो उसे तत्काल वहां से हटवा दिया जाएगा।




