August 8, 2026 2:14 am

हरदोई: पुलिस मुठभेड़ में चार पशु तस्कर गिरफ्तार, दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

ए अहमद सौदागर लखनऊ। हरदोई जिले की पुलिस ने चार पशु तस्करों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दो तस्कर के पैर में गोली लगते ही लंगड़े हो गए।

सवायजपुर थाने की पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में दो तस्करों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को ग्राम सिलवारी निवासी उमेश कुमार ने अपनी भैंस चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वृंदावन चौराहा पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया। वाहन चालक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर भागने का प्रयास किया।

जवाबी फायरिंग में अभियुक्त बुधपाल और देवेंद्र उर्फ हग्गू घायल हो गए। उनके साथी रतीपाल और रितिक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी की भैंस, 1,30,000 रुपये नकद, एक चोरी का पिकअप वाहन (थाना बेहटा गोकुल से चोरी), चार अवैध तमंचे (315 बोर) और भारी मात्रा में जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए हैं।

पूछताछ में सामने आया कि ये अपराधी दिन में पशुओं की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों पर शाहजहांपुर, बदायूं और हरदोई के विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। अभियुक्त बुधपाल पहले से ही चोरी के कई मामलों में वांछित था। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार, उपनिरीक्षक शिवशंकर मिश्रा, राकेश कुमार, राघवेंद्र भूषण और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!