रंग डालने को लेकर हुआ विवाद, गांव में फैली सनसनी
महिला सहित तीन लोग हिरासत में
बेगरिया गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। होली के मौके पर जहां एक ओर शहरवासी रंगों की मस्ती में डूबे थे, वहीं मामूली बातों को लेकर हुए विवाद ने त्योहार के रंग में भंग कर दिया। दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित बेगरिया गांव में हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। किसी बात को लेकर एक पक्ष के लोगों ने 22 वर्षीय सूरज गौतम को चाकू मारकर मौत की नींद सुला दिया। चाकू लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। हत्या किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव को देखते हुए गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने मोहित नाम के शख्स के अलावा दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
दुबग्गा क्षेत्र स्थित बेगरिया गांव में बुधवार शाम दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी ने देखते ही खूनी रूप अख्तियार कर लिया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 22 वर्षीय सूरज गौतम के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से वारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। युवक को बचाने के लिए पहुंचे घरवालों को भी हमलावरों ने पीट-पीटकर लहुलुहान कर दिया। इस घटना से पूरे बेगरिया गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक मोहित नाम के युवक के अलावा दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना पड़ोस में रहने वाली एक लड़की पर रंग डालने और छींटाकशी करने पर हुई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।




