August 8, 2026 5:03 am

होली के अवसर पर योगी सरकार का किसानों को बड़ा उपहार

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार ने होली के पावन पर्व पर प्रदेश के किसानों को एक बड़ा उपहार दिया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के नेतृत्व में कृषि विभाग द्वारा ‘सशक्त किसान, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करते हुए विभिन्न कृषि योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों, कस्टम हायरिंग सेंटर और कृषि ड्रोन आदि पर अनुदान प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। किसान विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक एवं अन्य एकल कृषि यंत्रों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके साथ ही, प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन के उपकरण और त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बैच ड्रायर एवं मेज शेलर हेतु भी बुकिंग की जा सकती है। इच्छुक किसान इन कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों के लिए विभागीय वेबसाइट एग्रीदर्शन डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन (www.agridarshan.up.gov.in) पर जाकर किसान कॉर्नर के अंतर्गत ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह बुकिंग प्रक्रिया 25 फरवरी, 2026 की दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होकर 04 मार्च, 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक जनपदवार की जाएगी।

यंत्रों का विवरण, बुकिंग और अनुदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। लाभार्थियों का चयन और बुकिंग टोकन कंफर्म होने की तिथि से कृषि यंत्र क्रय कर, क्रय रसीद, यंत्र की फोटो एवं संबंधित अभिलेख अधिकतम 10 दिन अथवा उससे पूर्व विभागीय पोर्टल तथा यूपी यंत्र ट्रैकिंग डॉट इन (upyantratraking.in) पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने जनपद के उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में खेती को और अधिक आधुनिक तथा लाभकारी बनाया जाना है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!