सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का दिया गया मजबूत संदेश
लखनऊ। वैश्य समाज सेवा उत्तर प्रदेश एवं हिंदू महिला सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन लाटूश रोड स्थित होटल शिमला पैलेस में बड़े ही उल्लास, उमंग और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रंग, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां महिलाओं और बच्चों ने बॉलीवुड के होली गीतों पर जमकर नृत्य कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैश्य समाज सेवा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता (शिमला परिवार) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि निषाद पार्टी उ॰ प्र॰ के उपाध्यक्ष संजय कश्यप सहित विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
इस दौरान अपने संबोधन में राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उनकी संस्था समय≤ पर सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों, परंपराओं और त्योहारों से भी परिचित कराया जाता है।
हिंदू महिला सेवा समिति की संयोजक अनीता गुप्ता एवं अध्यक्ष आयुषी गुप्ता ने समिति की पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि महिलाओं को अब समाज के हर क्षेत्र, विशेषकर राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय और अत्याचार के खिलाफ अब चुप रहने का समय नहीं है, जो की सरकार महिलाओं के ऊपर ध्यान नहीं दे रही है बल्कि संगठित होकर डटकर मुकाबला करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि दोनों संस्थाएं मिलकर समाज में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने और उन्हें सामाजिक व राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का लगातार प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम में आदि शक्ति नृत्य अकादमी के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा और मेहनत को सराहते हुए वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता ने बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलकर भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंत्री रीता नाथ ने अत्यंत सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया। वहीं सलाहकार वंदना त्रिपाठी ने कहा कि सभी महिलाएं एकजुट होकर समाजहित में आगे भी निरंतर कार्य करती रहेंगी। वरिष्ठ महामंत्री निर्मला मिश्रा ने अपनी महिला मंडल की टीम के साथ ईश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर आदि शक्ति नृत्य अकादमी की लवली घिल्डियाल को राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कोषाध्यक्ष पुष्पा गुप्ता, उपाध्यक्ष शालिनी त्रिपाठी, संरक्षक दीपमाला साहू, महामंत्री इंदिरा उपाध्याय, संरक्षक उषा अग्निहोत्री, शशि पांडे, ममता जिंदल, रमा चतुर्वेदी, ललिता मिश्रा, समाजसेविका रुचिका अग्रवाल, लता तिवारी, रेनू श्रीवास्तव, जयश्री प्रिया गुप्ता, लक्ष्मी तिवारी, नीतू गुप्ता, सीनू गुप्ता, पूनम मिश्रा, रेनू सिन्हा, सुनीता गुप्ता, जया आहूजा, भव्या आहूजा, किरन गुप्ता, साधना कपूर, उर्मिला अग्रवाल, रोहित गुप्ता, पत्रकार रामकृष्ण मिश्रा, मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल होली के रंगों को जीवंत किया, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी दिया।




