न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि यह बजट सवालों से भागने वाला बजट है और सरकार को अब देश की जनता को जवाब देना ही होगा। संजय सिंह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने पहली बार शपथ ली थी, तब उन्होंने देश के युवाओं से वादा किया था कि हर साल 2 करोड़ नौकरियाँ दी जाएंगी। आज 12 साल पूरे हो चुके हैं, इसलिए देश का युवा सरकार से 24 करोड़ नौकरियों का हिसाब मांग रहा है। उन्होंने सवाल किया कि वे नौकरियाँ कहाँ हैं, जिनका वादा किया गया था, और क्यों बजट में बेरोज़गारी पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।
संजय सिंह ने कहा कि किसानों से उनकी उपज का दाम दोगुना करने का वादा किया गया था, लेकिन आज किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहा है। बजट में न MSP की कानूनी गारंटी है, न कर्ज़ राहत और न ही किसानों की आमदनी बढ़ाने की कोई ईमानदार योजना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने काले धन को वापस लाने का वादा किया था, लेकिन सरकार को बताना चाहिए कि काला धन कहाँ गया और देश को उसका क्या लाभ मिला।
महंगाई पर सरकार की चुप्पी को आड़े हाथों लेते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी गैस सिलेंडर, राशन, दवा, शिक्षा और इलाज की महंगाई से त्रस्त है, लेकिन बजट में महंगाई पर कोई ठोस समाधान नहीं है। कभी टैक्स बढ़ाया जाता है, कभी घटाया जाता है, लेकिन नीतियाँ इतनी भ्रमित हैं कि आम आदमी और व्यापारी दोनों असमंजस में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश की आर्थिक व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, और अब सवाल यह है कि यह व्यवस्था पटरी पर कब और कैसे लौटेगी।
संजय सिंह ने कहा कि यह बजट जवाब देने के बजाय सवालों से बचने का प्रयास है। आम आदमी पार्टी इस बजट को पूरी तरह खारिज करती है और मांग करती है कि सरकार देश के युवाओं, किसानों और आम जनता से किए गए हर वादे का लिखित और सार्वजनिक हिसाब दे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी संसद से लेकर सड़क तक जनता की आवाज़ बनकर इस जनविरोधी बजट और विफल नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।




