November 4, 2026 10:08 pm

19 साल से फरार 50 हजार का इनामी डकैत चढ़ा एसटीएफ के हत्थे 

बस लूट के दौरान कर दी थी हत्या

ए अहमद सौदागर

लखनऊ।डकैती और हत्या के मामले में 19 साल से पुलिस को चकमा दे रहा 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आखिरकार यूपी एसटीएफ के शिकंजे में आ गया।एसटीएफ ने सीतापुर के थाना संदना में वर्ष 2007 से वांछित कुख्यात डकैत रामू को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पकड़े गए आरोपी का नाम रामू निवासी ग्राम भानपुर, थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर है। यह थाना कमलापुर का हिस्ट्रीशीटर है और गिरोह बनाकर लूट-डकैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

यूपी एसटीएफ को काफी समय से फरार/पुरस्कार घोषित अपराधियों की लोकेशन मिल रही थी। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में एसटीएफ की एक टीम हरियाणा, पंजाब और एनसीआर में सक्रिय थी।टीम को इस दौरान इनपुट मिला कि थाना संदना में दर्ज मुकदमे में वांछित 50 हजार का इनामी रामू अपनी बहन से मिलने पंजाब से सीतापुर आया हुआ है।

सूचना पर एसटीएफ और थाना संदना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ग्राम मानपुर मजरा घवरपारा, सरायन नदी पुल के पास थाना संदना, सीतापुर से उसे दबोच लिया।

पूछताछ में रामू ने सनसनीखेज खुलासा किया। वर्ष-2007 में अपने साथी झब्बू उर्फ जलजला, सहरू, मुरली उर्फ शेरा, काशीराम, देशराज, बैना उर्फ उमाशंकर के साथ मिलकर भरीना चौराहे के पास एक बस को रोककर उसमें बैठे यात्रियों के साथ मारपीट कर लूटपाट की थी। इस दौरान एक व्यक्ति की हत्या भी हो गई थी। इस मामले में धारा 395, 397, 427, 412 आईपीसी के तहत थाना संदना में मुकदमा दर्ज हुआ था। केस दर्ज होने के बाद वह पंजाब भाग गया था और वहीं छिपकर रह रहा था।पकड़े गये आरोपी

रामू का लंबा आपराधिक इतिहास है, अकेले सीतापुर में उस पर 8 मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपी को थाना संदना में दाखिल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई पुलिस कर रही है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!