November 11, 2026 11:41 pm

50 क्विंटल फूलों से सजा राम मंदिर, 56 प्रकार के भोग लगे: अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के 1 साल पूरे, हुई 3 दिवसीय उत्सव की शुरुआत

 अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के 1 साल पूरे, हुई 3 दिवसीय उत्सव की शुरुआत, यह उत्सव तीन दिनों तक चलेगा

 

अयोध्या। अयोध्या में भगवान रामलला की स्थापना 22 जनवरी 2024 को हुई थी। हालाँकि, हिंदी पंचांग के आधार पर देखें तो आज शुक्रवार (11 जनवरी 2025) को प्राण प्रतिष्ठा के एक साल पूरे हो गए हैं। आज इसे प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। यह उत्सव तीन दिनों तक चलेगा। पिछले साल 22 जनवरी को जो मुहूर्त था, वही मुहूर्त 11 जनवरी को है।

प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव आज 11 जनवरी से शुरू होकर 13 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे और भगवान राम का पूजन किया। इसके अलावा, उत्सव में कई साधु संन्यासी भी शामिल हुए हैं। सीएम योगी ने राम मंदिर में रामलला की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती की।

 

इस उत्सव में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रामलीला और भजन-कीर्तन शामिल है। इन आयोजनों में भारत की प्राचीन संस्कृति के दर्शन के साथ-साथ भारतीय लोक गीतों और लोक नृत्यों को भी शामिल किया गया है। इन सबके लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से अयोध्या में बड़े स्तर पर तैयारियाँ की गई हैं।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से बताया गया है, “प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन पर्व पर आयोजित श्री राम राग सेवा के अंतर्गत आज लब्धप्रतिष्ठित श्रीमती ऊषा मंगेशकर, श्रीमती गौरी यादवाडकर तथा गायक श्री मयूरेश पई द्वारा प्रभु के समक्ष श्री राम भजन प्रस्तुत किए जाएँगे।”

 

राम मंदिर में आयोजित उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को 50 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। भगवान राम को 56 प्रकार के भोग लगाए गए और इस भोग को श्रद्धालुओं में वितरित किए जाने की बात कही जा रही है। इस दिन भगवान श्रीराम को सलोने रंग के वस्त्र पहनाए गए हैं, जिसमें सोने की आभा वाले हैं। मंदिर में दीपोत्सव को लेकर भी तैयारी की गई है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!