ग्रामीणों के मुताबिक जहां ज्यादा राशन कार्ड धारक हैं वहां की बजाय दूसरे गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान बनवाना चाहते हैं प्रधान
मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) मलिहाबाद तहसील क्षेत्र के विकास खंड माल अंतर्गत रहटा ग्राम पंचायत के लोगों ने उपजिलाधिकारी मलिहाबाद को शिकायती पत्र देकर बताया कि ग्राम प्रधान की मनमानी काफी हद तक बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक जहां ज्यादा राशन कार्ड धारक हैं वहां की बजाय दूसरे गांव में प्रधान सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान बनवाना चाहते हैं जिससे सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। एसडीएम ने संज्ञा लेकर मामले में निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
रहटा गांव के कैलाश, विजय कुमार सहित ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान ने पंचायत के मिर्जापुर गांव में खसरा संख्या 122 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के निर्माण हेतु प्रस्ताव दिया है जो गलत है। ग्रामीणों के मुताबिक राजस्व ग्राम रहटा में लगभग 400 राशन कार्ड है जिसमें से 40 राशन कार्ड मिर्जापुर में तथा लगभग 280 राशन कार्ड ग्राम रहटा में है तथा 500 मीटर दूरी गुलरहिया ग्राम में 75 राशन कार्ड धारक है। राजस्व ग्राम रहटा से मिर्जापुर की दूरी लगभग दो किलोमीटर की है।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि जबकि रहटा गांव में ही पंचायत भवन, सहकारी समिति, पशु चिकित्सालय, सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र आदि सभी स्थित हैं। वहीं वर्तमान में पर्याप्त शेष भूमि रिक्त भी पड़ी हुई है जिस पर सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का निर्माण किया जा सकता है जिससे रहटा, गुलरहिया के लोगों को राशन लेने में असुविधा नहीं होगी। ग्रामीणों ने कहा कि अगर मिर्जापुर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का निर्माण हो गया तो सैकड़ो लोगों को काफी परेशानी से जूझना पड़ेगा।




