लखनऊ। (संवाददाता) उल्लू टीवी पर प्रसारित होने वाले हाउस अरेस्ट शो के खिलाफ आज लखनऊ में प्रदर्शन हुआ। महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या के साथ महिलाओं ने अश्लील प्रोग्राम्स और वीडियो को प्रतिबंधित करने की मांग की। प्रियंका मौर्या ने कहा कि सेंसर बोर्ड मुर्दा हो चुका है और सोशल मीडिया हमारे बच्चों को बिगाड़ रहा है।
हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचीं महिलाओं ने उल्लू टीवी पर बैन लगाने की मांग की। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आने वाली सभी प्रकार की अश्लील वीडियो को प्रतिबंधित करने की आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का जमाना है। आज हर किसी के हाथ में मोबाइल फोन है।
बच्चे-बुजुर्ग हर कोई मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। मगर जिस प्रकार से धड़ल्ले से अश्लीलता परोसी जा रही है, ऐसे में मोबाइल फोन चलना मुश्किल हो गया है। हर दूसरी वीडियो ऐसी होती है, जिसे परिवार के साथ नहीं देखा जा सकता। सोशल मीडिया के प्लेटफार्म का दुरुपयोग करके समाज में गंदगी परोसी जा रही है।प्रियंका मौर्या ने कहा कि हाउस अरेस्ट प्रोग्राम एजाज खान होस्ट कर रहे हैं। यह शो पूरी तरीके से अश्लीलता में डूबा है। खुलेआम महिलाओं के कपड़े उतारे जाते हैं। शो को होस्ट करने वाले एजाज खान महिलाओं और पुरुषों के साथ अश्लील बातें करते हैं। महिलाएं पुरुषों के साथ अर्धनग्न और अश्लील पोजिशन में नजर आती हैं। जो बातें और कृत्य बंद कमरों में होने चाहिए वह खुलेआम टीवी चैनल पर किए जा रहे हैं। एजाज खान जैसे लोगों पर मुकदमा और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में इस प्रकार की अश्लीलता परोसने वाले प्रोग्राम्स ना बनाए जाएं। प्रियंका मौर्या ने कहा कि यह बेहद अफसोस जनक है कि सेंसर बोर्ड अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। सेंसर बोर्ड पूरी तरीके से मुर्दा हो चुका है। फिल्म और रियलिटी शो बनाने वाले जमकर अश्लीलता और नीचता परोस रहे हैं। सरकार से हमारी मांग है कि सोशल मीडिया को मॉनिटर किया जाए। सोशल मीडिया और रियलिटी शो को कंट्रोल करने के लिए जो अधिनियम बनाए गए हैं, उसे पूरी तरीके से लागू किया जाए।





