दिल्ली एनसीआर में करते थे मादक पदार्थ की सप्लाई
टीम को तस्करों के पास से 70 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक श्रम कार्ड, एक ट्रक व 1,117 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एएनटीएफ यूनिट मेरठ की टीम ने काफी दिनों से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर गुरुवार चालीस लाख रुपए के गांजे के साथ कानपुर जिले से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 70 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड, ट्रक व 1,117 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत चालीस लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।
एएनटीएफ टीम के उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली। कानपुर जिले के मलावन टोल प्लाजा के पास दो तस्कर ट्रक में अवैध गांजा लादकर सप्लाई करने जा रहे हैं।
इस सूचना पर थाना भवन के सहयोग से एएनटीएफ टीम मौके पर पहुंची और ट्रक सहित दो तस्करों को धरदबोचा।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम विवेक व ओपेन्द्र बताया और दोनों आरोपी मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र स्थित संतोष पुर गांव के रहने वाले हैं।
उपनिरीक्षक का कहना है कि पूछताछ में पकड़े गए दोनों तस्करों ने बताया कि ये लोग उड़ीसा और बिहार राज्य में ट्रक में लादकर गांजा दिल्ली के एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते हैं।




