April 22, 2026 2:07 am

बाराबंकी: तेज रफ्तार डंपर और कार में टक्कर, चार की हालत गंभीर

हादसे के बाद हाइवे पर लगा भीषण जाम

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर संजय सेतु पुल के पास देर रात एक सड़क हादसा हो गया। गोंडा की ओर से आ रहे एक डंपर ने सामने से आ रही डिजायर कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नेपाल जाने वाली सड़क लगभग चार घंटे तक लम्बा जाम लग गया। राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान रिजवान पुत्र वाकर (28 वर्ष), मोहम्मद पुत्र स्व. सदरुल इस्लाम (76 वर्ष), मेहर इस्लाम पत्नी महमुदुल इस्लाम (सहादतगंज, लखनऊ) और इमराना वाकर पत्नी वाकर (57 वर्ष) (कश्मीरी मोहल्ला, चौक, लखनऊ) के रूप में हुई है। ये सभी लखनऊ से जरवल कस्बा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

बताया गया कि कार जैसे ही दुर्गापुर मोड़ के पास पहुंची, गोंडा की ओर से आ रहे डंपर ने उसे सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रामनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका उपचार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया, जिसके बाद जाम समाप्त हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!