बाइक सवार युवक मांझे की चपेट में आकर घायल
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे की खरीद-फरोख्त पर पूरी तरह लगाम लगाने का पुलिस महकमे को निर्देश दिया था। उसके बाद अफसरों ने पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर पतंग की दुकानों पर छापेमारी की, लेकिन पुलिस को किसी भी दुकान से प्रतिबंधित मांझा नहीं मिला। वहीं प्रदेश की राजधानी में चाइनीज मांझे का कहर ताबतोड जारी है। 48 घंटे में चौथी घटना ने पुलिस की सक्रियता और कार्यशैली को कटघरे में खडा कर दिया है। अब चौक इलाके में बाइक सवार युवक मांझे की चपेट में आकर घायल हो गया। उसके गले पर दो घाव हुए। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गयी। पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई भी तहरीर या शिकायत नहीं आई है। घटनास्थल की जांच में युवक को मामूली चोट होने की बात सामने आई है और नार्मल मांझे की चपेट में वह आया है।
इससे पहले 5 फरवरी की शाम करीब 5 बजे गोमती नगर विस्तार में बिजली कर्मी का गला कट गया था। इसके कुछ घंटे पहले गोमती नगर विस्तार में ही शहीद पथ पर रिटायर्ड फौजी का गाल और होंठ कट गया था। उसे 30 टांके लगे हैं। 4 फरवरी को पुराने लखनऊ में 2 मासूम बेटियों के पिता की मौत हो गई थी।
लोगों का कहना है कि शहर में चीनी मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री जारी है। इससे लगातार हादसे हो रहे हैं। बाइक सवार और पैदल राहगीर सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई, नियमित चेकिंग और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस अभियान पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद डीजीपी राजीव कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन अभियान चला रहा है। इसके बावजूद राजधानी में लगातार हो रही घटनाएं पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। योगी ने 5 फरवरी को कहा था कि अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है तो हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए पूरे प्रदेश में यूपी पुलिस सघनता से अभियान चलाएगी। इसकी बिक्री और इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी ने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान करें। तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।




