बाल अपचारी भी रहा हत्या में शामिल, घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद
लाल खेड़ा गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के लाल खेड़ा गांव के बाहर स्थित बाग में सोमवार को जिस युवक की हत्या कर फेंकी गई खून से लथपथ लाश मिली थी उसकी हत्या लाल खेड़ा गांव निवासी भिम्मा गौतम ने अपने बेटे सुमित गौतम, अमित गौतम व बाल अपचारी बेटों के साथ मिलकर की थी। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर की टीम ने इस सनसनीखेज मामले का राजफाश कर मंगलवार को हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर किया है।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक सोमवार देर रात पीलीभीत जिले के माधो चडा गांव निवासी 24 वर्षीय रामसागर गौतम की हत्या लाल खेड़ा गांव निवासी भिम्मा गौतम ने अपने बेटों सुमित, अमित व बाल अपचारी बेटे के साथ मिलकर की थी।
इंस्पेक्टर के मुताबिक पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि रामसागर गौतम इंस्टाग्राम के जरिए उनकी बेटी से दोस्ती कर शादी करना चाहता था, जबकि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता कहीं और जगह तय किया है।
प्रेमिका का रिश्ता तय होते ही भाई के साथ आया था कामिनी से मिलने
बताया जा रहा है कि कामिनी का दूसरी जगह रिश्ता तय होने की खबर मिलते ही रामसागर गौतम अपने भाई राहुल गौतम के साथ लाल खेड़ा गांव स्थित कामिनी के घरवालों से बात करने के लिए आया था, लेकिन उसे नहीं पता था कि जिस कामिनी से मिलने जा रहा है उसके घर वाले उसके दुश्मन बन जाएंगे।
बताया जा रहा है कि रामसागर गौतम गांव में आते ही बाल अपचारी से मुलाकात की और उससे कहा कामिनी से कह दो रामसागर मिलना चाहता है। इसकी भनक लगते ही कामिनी के घरवाले मौके पर पहुंचे और रामसागर के ऊपर कहर बनकर टूट पड़े और चाकू मारकर मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




