इनके पास से 32 बोर की पिस्टल व कारतूस बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र के तकरोही इलाके के दीनदयाल पुरम निवासी आकाश चौधरी के भाई के ऊपर पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंकने वाले दो नामजद आरोपितों तकरोही क्षेत्र स्थित हर्ष विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद आलम व बाराबंकी जिले के टिकैत गंज निवासी मोहम्मद रेहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इनके पास से घटना में इस्तेमाल 32 बोर की पिस्टल व कारतूस बरामद हुए हैं।
सनद रहे कि पांच मार्च 2026 को दीनदयाल पुरम निवासी आकाश चौधरी ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि पुरानी रंजिश को लेकर उनके भाई के ऊपर कौशर खान उर्फ दिलावर सहित पांच लोगों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर जख्मी कर दिया था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर हमला करने वाले आलम व रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




