इमलिया खेड़ा के पास हुई घटना का मामला
चालक कार सहित गिरफ्तार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बेलगाम वाहनों का आतंक थम नहीं रहा है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के इमलिया खेड़ा गांव के पास शुक्रवार को तेज़ रफ़्तार वैगनआर कार चालक ने आठ वर्षीय मासूम अर्जुन को कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस चालक को कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित इमलिया खेड़ा गांव निवासी टिंकल के आठ वर्षीय बेटा अर्जुन एक निजी स्कूल में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि वह इमलिया खेड़ा गांव के पास था कि तभी तेज़ रफ़्तार से आ रही वैगनआर कार यूपी 32 एम वी 0089 का चालक गांधीनगर निवासी संजीव कुमार ने अर्जुन को टक्कर मार दी, जिससे उसकी उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक चालक संजीव कुमार एक निजी स्कूल की कार चला रहा था। पुलिस चालक को कार सहित गिरफ्तार कर मामले की छानबीन कर रही है।




