621 ग्राम अवैध हेरोइन, अलग-अलग बैंकों की पासबुक व क्रेडिट कार्ड, एक कार, दो मोबाइल फोन व पांच लाख रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देशन में मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट आगरा ने नौहझील पुलिस के सहयोग से बुधवार को मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र से कार से तस्करी करने जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ टीम को पकड़े गए तस्कर के पास से 621 ग्राम अवैध हेरोइन, अलग-अलग बैंकों की पासबुक व क्रेडिट कार्ड, एक कार, दो मोबाइल फोन व पांच लाख रुपए की नकदी बरामद हुई है।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक गौरव शर्मा के मुताबिक मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि हेरोइन की तस्करी के लिए एक तस्कर मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में पहुंचने वाला है। इस सूचना पर एएनटीएफ यूनिट आगरा के उपनिरीक्षक गौरव शर्मा स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घेरेबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उपनिरीक्षक गौरव शर्मा के मुताबिक पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपना नाम आगरा जिले के ट्रांस यमुना कालोनी निवासी नितेश गुप्ता बताया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से अवैध हेरोइन व एमडीएमए लाकर आगरा के होटलों व डांस क्लबों में सप्लाई करने की बात स्वीकार किया है। एएनटीएफ टीम मामले की छानबीन कर रही है।




