August 8, 2026 4:51 am

औरास नगर पंचायत में तीन नए मनोनीत सभासदों की नियुक्ति, अनुभव और युवा जोश को मिली तरजीह

एडवोकेट ध्यानप्रकाश चौरसिया को फिर मिली जिम्मेदारी

औरास, उन्नाव। (संवाददाता) उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-1 द्वारा जारी अधिसूचना के बाद जनपद उन्नाव की औरास नगर पंचायत में तीन नए मनोनीत सभासदों की नियुक्ति से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्यपाल महोदया ने उत्तर प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1916 की धारा 9 की उपधारा (1) के खण्ड (घ) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तीन स्थानीय चेहरों को सदन के लिए नामित किया है।

मनोनीत हुए ये सदस्य

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, औरास नगर पंचायत के लिए श्री रामजी गुप्ता, एडवोकेट ध्यानप्रकाश चौरसिया और श्री गौरव पाण्डेय (उर्फ गोलू) को नाम निर्दिष्ट सदस्य (मनोनीत सभासद) के रूप में नामित किया गया है।

कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर:

जैसे ही इन नियुक्तियों की आधिकारिक सूचना औरास पहुंची, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल छा गया। देर रात तक नवनियुक्त सभासदों के आवासों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर समर्थकों ने अपनी खुशी का इजहार किया।

ये भी पढ़ें….

नवोदय में खड़वल के होनहारों का जलवा: आकाश और सौरभ ने बढ़ाया औरास ब्लॉक का मान

एडवोकेट ध्यानप्रकाश चौरसिया को पुनः सभासद नामित किए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। पेशे से अधिवक्ता चौरसिया पूर्व में भी औरास नगर पंचायत को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सदन के भीतर बोर्ड द्वारा पारित योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता के हितों की मुखर पैरवी के लिए वे विशेष रूप से जाने जाते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनके अनुभव का लाभ नगर के विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने में मिलेगा।

वहीं, रामजी गुप्ता और गौरव पाण्डेय की नियुक्ति को भी संगठन की मजबूती और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। नवनियुक्त सदस्यों ने अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व और राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए नगर के चहुंमुखी विकास का संकल्प लिया है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!