अफसरों के हस्तक्षेप के बाद जागी पुलिस ने दबोचा
कानून को बलि चढ़ाकर आरोपितों ने जमकर महिला के ऊपर बरसाया था लात-घूंसे
ए अहमद सौदागर लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र के सूगामऊ में मानसिक रूप से कमजोर महिला को रस्सी से बांध कर पीटना बेखौफ हमलावरों को भारी पड़ गया। पुलिस ने बुधवार को चार लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा के निर्देश पर इंदिरा नगर पुलिस ने बुधवार को मोहम्मद आयनुद्दीन पुत्र रहमान अली, जमालुद्दीन पुत्र अब्दुल हमीद, सरीफुल इस्लाम पुत्र ममेरू व सनीदुल इस्लाम पुत्र शहादयल को गिरफ्तार किया है। डीसीपी पूर्वी के मुताबिक सभी आरोपित इंदिरा नगर क्षेत्र के सुग्गामऊ के पास स्थित झोपड़पट्टी में रहते हैं।
बताते चलें कि गुरुवार को आरोपितों ने बाराबंकी जिले की रहने वाली एक महिला को बच्चा चोरी करने के शक पर पकड़े गए आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों एवं लात-घूंसे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। यही नहीं गिरफ्तार आरोपितों ने महिला के नाजुक अंग पर भी लात-घूंसे बरसाए थे। इंस्पेक्टर इंदिरा नगर अजय नारायण सिंह के मुताबिक इस मामले में फरार चल रहे अन्य हमलावरों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




