August 8, 2026 2:10 am

अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर लखनऊ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, 2027 तक बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश का संकल्प

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर 12 जून 2026 (शुक्रवार) को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के शिक्षा, सुरक्षा एवं समग्र विकास के अधिकारों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की उपस्थिति प्रस्तावित है। इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मुन्नू लाल कोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव, श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग एम. के. शन्मुगा सुन्दरम तथा श्रमायुक्त मार्कण्डेय शाही सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में लगभग 800 प्रतिभागियों के सम्मिलित होने की संभावना है।

श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य के प्रति जनसहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही बाल श्रम निषेध से संबंधित विधिक प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

श्रम एवं सेवायोजन विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी बच्चे को श्रम में संलग्न न होने देने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करें। विभाग ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!