मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में आज 11 वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परिषदीय विद्यालयों में योग उत्सव का आयोजन किया गया। इलाके के विभिन्न परिषदीय स्कूलों में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के योग करके स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इसके अलावा थाना प्रभारी रहीमाबाद आनंद द्विवेदी ने पुलिस कर्मियों के साथ योग किया और इसका महत्व भी समझाया इसके अलावा विकासखंड मलिहाबाद में खंड शिक्षा अधिकारी पदम शेखर मौर्य के मार्गदर्शन व दिशा निर्देशन में प्रत्येक विद्यालय में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया । खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक योग कार्यक्रम के आयोजन के उपरांत विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
एआरपी हरिशंकर राठौर ने जानकारी दी कि परिषदीय विद्यालयों में 15 जून से 21 जून के बीच योग सप्ताह का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिदिन योग से संबंधित विभिन्न प्रकार की क्रियाएं कराई गई आज 21 जून को प्रत्येक विद्यालय में योग उत्सव मनाया गया जिसमें बच्चों के साथ ही अभिभावकों ने भी योग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। शिक्षकों ने विभिन्न प्रकार के योग जैसे सूर्य नमस्कार मयूरासन चक्रासन अनुलोम विलोम मयूरासन आदि योग कराकर बच्चों और अभिभावकों को स्वस्थ रहने के गुण सिखाए और योग से होने वाले विभिन्न प्रकार के लाभों से परिचित कराया और जानकारी दी कि योग नियमित रूप से करने से शरीर में विभिन्न प्रकार की बीमारिया समाप्त हो जाती हैं और मनुष्य शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।
शिक्षको ने बच्चो और अभिभावकों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया । योग उत्सव के साथ योग के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें निबंध, स्लोगन, योग, चित्रकला योगासन प्रतियोगिताओ आदि शामिल थी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय तृतीय आने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।




