मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) मलिहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत दिलावरनगर में अवैध स्थान पर संचालित देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। इस मामले में दिलावरनगर निवासी राशिद (पुत्र साकिर अली) ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर आबकारी निरीक्षक और शराब ठेकेदार के खिलाफ कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आबकारी निरीक्षक की सांठगांठ का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि देशी शराब ठेकेदार सुनील के रसूख और धन बल के लालच में आकर आबकारी निरीक्षक मलिहाबाद अवैध रूप से इस दुकान को दिलावरनगर में चलवा रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, पूर्व में भी शासन और प्रशासन के समक्ष दुकान को हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन आबकारी निरीक्षक ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए झूठी और फर्जी रिपोर्ट लगाकर शिकायतों का निस्तारण कर दिया।
दूसरे गांव के नाम से आवंटित है ठेका
प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शराब की दुकान वास्तव में ग्राम पंचायत ‘गोसवा’ के नाम से आवंटित है। नियमानुसार इस दुकान को मलिहाबाद के दिलावरनगर से हटाकर गोसवा में संचालित किया जाना चाहिए था। आरोप है कि नियमों का उल्लंघन कर इसे अवैध रूप से दिलावरनगर में चलाया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि
शिकायतकर्ता ने आबकारी विभाग के रवैये पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री के अलावा मण्डलायुक्त लखनऊ, संयुक्त पुलिस आयुक्त लखनऊ और एसडीएम मलिहाबाद को भी प्रतिलिपि भेजकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।





