August 8, 2026 2:15 am

आजमगढ़ में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत, 2100 पौधे लगाने का लक्ष्य

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ/आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ परिवर्तन सेवा संस्थान ने शनिवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ सिधारी हाइडिल चौराहे से किया। अभियान के तहत संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पौधरोपण के साथ पौधों का वितरण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ‘रिशु ने बताया कि इस वर्ष पूरे जनपद में 2100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के किसी भी शुभ अवसर, जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

अभियान के तहत युवा प्रकृति प्रेमी किशन सिंह, धर्मेंद्र सिंह ‘छोटे’ और रामजस यादव के जन्मदिन के अवसर पर सिधारी हाइडिल चौराहे पर 51 पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान सभी लोगों ने पौधरोपण कर उसकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

संस्थान के सचिव विवेक पांडेय ने कहा कि लगातार हो रही वृक्षों की कटाई और बढ़ते तापमान को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकार की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो यह अभियान जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बन सकता है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि इस वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

इस अवसर पर सौरभ पंडित, रितेश, सौरभ, राजन, प्रतीक, निखिल, उज्ज्वल सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!