न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ।प्राविधिक शिक्षा विभाग में नवाचार, अनुसंधान एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की उपस्थिति में विभिन्न आईआईटी मंडी तथा आईआईटी इन्दौर द्वारा अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए।
बैठक में संस्थानों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) तकनीक, स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्किल डेवलपमेंट, शिक्षकों के क्षमता विकास तथा युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी दक्ष बनाने से जुड़े नवाचारों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही ए.के.टी.यू. में अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित विशेष हब स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल, स्पेस टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को दक्ष बनाना समय की आवश्यकता है और ऐसे नवाचार आधारित प्रयास प्रदेश की तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देंगे।
बैठक में प्रस्तुत सुझावों एवं प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे नवाचारों को संस्थागत स्तर पर प्रोत्साहित करते हुए उद्योगों एवं शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक एवं भविष्य उन्मुख तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रेजेंटेशन के दौरान प्रमुख सचिव डॉ एम के एस सुन्दरम, सचिव एवं महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा सेल्वा कुमारी जे. सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




