पशु स्वास्थ्य, कल्याण एवं ग्रामीण आजीविका सृजन के लिए नवाचार और नीतिगत सहयोग को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा
लखनऊ। (संवाददाता) उत्तर प्रदेश पोल्ट्री एवं पशु स्वास्थ्य एक्सपो 2025 का आज यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सफल समापन हुआ। 07 व 08 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया। एक्सपो में पोल्ट्री एवं पशुपालन क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, नवाचारों और श्रेष्ठ प्रथाओं का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सरकार, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और उद्यमियों के बीच व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
इस एक्सपो का आयोजन सेंटर फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (CARD), नई दिल्ली द्वारा उत्तर प्रदेश शासन के पशुपालन विभाग के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पोल्ट्री एवं पशुपालन क्षेत्र में सतत विकास, उत्पादकता वृद्धि और लाभप्रदता को प्रोत्साहित करना था। एक्सपो का शुभारंभ 7 नवम्बर 2025 को प्रतिष्ठित अतिथियों और उद्योग जगत के अग्रणी विशेषज्ञों की उपस्थिति में किया गया। एक्सपो में नवाचार, रोग नियंत्रण, उत्पादकता वृद्धि एवं पोल्ट्री तथा पशु स्वास्थ्य क्षेत्र में उभरते अवसरों पर केंद्रित तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
एक्सपो के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे डॉ. मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश ने एक्सपो के माध्यम से जन–निजी साझेदारी (Public–Private Partnership) को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की तथा सरकार की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि पशु स्वास्थ्य, कल्याण एवं ग्रामीण आजीविका सृजन के लिए नवाचार और नीतिगत सहयोग को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा। एक्सपो में देश एवं विदेश की अग्रणी कंपनियों ने भाग लिया है जिन्होंने अत्याधुनिक पशु आहार, पशु औषधियाँ, प्रजनन तकनीकें और एकीकृत पशुपालन प्रबंधन समाधान प्रदर्शित किए हैं जिससे प्रदेश में पोल्ट्री और पशुपालन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
एक्सपो में मुख्य प्रदर्शकों में एन.ई.सी.सी.,ए.आई.एम.आई.एल., द गोट ट्रस्ट, इंदब्रो ब्रीडिंग फार्म्स, अल्लाना समूह, आई.बी. समूह, एक्सेल, नेस्टिंग कंपनी, रीजेन सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल रहीं।
तकनीकी सत्रों, उत्पाद प्रदर्शन और संवादात्मक चर्चाओं के माध्यम से यह एक्सपो उद्योग, अनुसंधान संस्थानों एवं प्रगतिशील किसानों के बीच सहयोग को बढ़ाने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ, जिसका उद्देश्य पशुपालन क्षेत्र में उत्पादकता, लाभप्रदता और स्थिरता को सुदृढ़ करना था।सेंटर फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (CARD) एक राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जो सतत कृषि, ग्रामीण उद्यमिता और पशुपालन विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। CARD क्षमता निर्माण, नवाचार प्रोत्साहन और नीतिगत समर्थन के माध्यम से ग्रामीण विकास के समग्र दृष्टिकोण को सशक्त बनाने हेतु राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करता है।
एक्सपो में श्री देवेंद्र पांडेय, विशेष सचिव, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन,डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश,डॉ. सी. आर. बेहल, अध्यक्ष, अल्लाना समूह,डॉ.अजय कन्नौजिया जे. डी., पोल्ट्री विभाग,डॉक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी उप निदेशक पशुपालन विभाग,डॉ. टी. कोटैया, प्रबंध निदेशक, इंदब्रो ब्रीडिंग फार्म्स,श्री अरिंदम सिन्हा रॉय, कार्यकारी निदेशक, CARD भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आयोजन श्री शोभित श्रीवास्तव क्षेत्रीय निदेशक कार्ड द्वारा किया गया




