हरदोई और गाजियाबाद में हुई सनसनीखेज का मामला
खाकी वर्दी की नाक के नीचे बहा खून, तमाशबीन बनी रही पुलिस
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी पुलिस अपने क्षेत्र में जो चाहे वह कर सकती है। फिर चाहे वह सादे कपड़ों में ही क्यों न हो। लेकिन यह बीते कुछ दशक पहले की बात है। खाकी वर्दी के बूटों की धमक से बड़े से बड़े अपराधियों के माथे पर पसीना आ जाता था, लेकिन इस दौर में अपराध मानो सिर चढ़कर बोल रहा है।
बेखौफ कातिल भरे गारद के बीच कत्ल जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देने में जरा भी नहीं हिचकते और जिनके कंधों पर लोगों की सुरक्षा का जिम्मा हो वही वर्दीधारी वाले तमाशबीन होकर खड़े नजर आ रहे हैं।
गौर करें तो 12 जनवरी 2026 को हरदोई जिले के रामपुर अटरिया गांव के अनुप ने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी पत्नी सोनी की थाने में ही गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह संगीन वारदात उस समय हुई जब थाना परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था और बेखौफ अनुप घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली।
यहीं से मामला शांत नहीं पड़ा अब यूपी के गाजियाबाद जिले की ओर नजर डालें तो रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
यहां पुरानी रंजिश को लेकर चली आ रही दुश्मनी ने भैया दूज यानी बुधवार शाम उस समय खूनी रूप अख्तियार कर लिया जब चरण सिंह कॉलोनी निवासी सोनू नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजयनगर कोतवाली में ताबड़तोड़ चाकू से वारकर बीस वर्षीय आयुष को मौत की नींद सुला दिया।
यह भी हत्या किसी सुनसान जगह पर नहीं बल्कि विजयनगर कोतवाली परिसर में हुई जहां हर समय पुलिस बल मुस्तैद रहती है।
हालांकि यूपी पुलिस के लिए यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी सलाखों के पीछे से लेकर सड़क तक सरेराह और सरे शाम कईयों लोगों की पुलिस अभिरक्षा के बीच जानें जा चुकी हैं।
खबर में दर्शायी गई ये दोनों घटनाएं फिलहाल बानगी भर है यहां तो इससे पहले भी कई बार पुलिस चौकसी के बीच कई लोगों के खून बह चुके हैं और खाकी वर्दी वाले तमाशबीन बने रहे।




