औरास उन्नाव। जिले के मियागंज ब्लॉक व माखी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हमीरपुर स्थित ‘सत्य साहेब सत्य गुरु मुंशी दास बाबा
महामाया बुद्ध विहार’ में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य सत्संग तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
सत्संग को संबोधित करते हुए संत मुंशी साहेब ने उपस्थित सभी अनुयायियों एवं भक्तों को गुरु पूर्णिमा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत पवित्र और शील से परिपूर्ण माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु अपने-अपने गुरु स्थानों एवं बुद्ध विहारों पर पहुंचकर गुरुओं का आशीर्वाद लेते हैं और वस्त्र, अन्न व भोजन दान कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। उन्होंने सभी को सत्य, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के निवासी योगेंद्र द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पूरी, सब्जी और मीठी खीर का प्रसाद तैयार कराया गया। बड़ी संख्या में आए भक्तों और अनुयायियों ने सत्संग का आनंद लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया।





