375 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन व 405 रूपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट गाजीपुर ने सैयद राजा पुलिस के सहयोग से चंदौली जिले के सैयद राजा थाना क्षेत्र जमानिया तिराहे के पास एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके पास 375 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन व 405 रूपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 75 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ सैयद राजा थाने में मुकदमा दर्ज कर इसे सलाखों के पीछे भेजा गया है।
एएनटीएफ के निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सैयद राजा क्षेत्र के जामनिया तिराहा लोकमनपुर के पास मौजूद है और इसके पास अवैध मादक पदार्थ है। उन्होंने कहा कि इस सूचना पर उनकी टीम सैयद राजा पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
ये ख़बर भी पढ़ें…
छानबीन में आरोपी के पास से अवैध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद हुई है। आरोपी की पहचान चंदौली जिले के सुभाष नगर वार्ड नंबर 11 सैयद राजा निवासी 19 वर्षीय सोना राईन पुत्र मोहम्मद अलीम राईन के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह बिहार में सासाराम रेलवे स्टेशन के पास से एक तस्कर से सस्ते दामों में हेरोइन लाकर चंदौली व गाजीपुर जिले में पुड़िया बनाकर अधिक दामों में बेचकर अपनी शौक पूरी करने की बात स्वीकार किया है।
एएनटीएफ के निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह के मुताबिक बरामद अवैध हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 75 लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।




