सरोजनीनगर के बेहसा गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपनों के हाथों खून होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आशियाना, निगोहां व मोहनलालगंज क्षेत्र में रिश्तों का हुआ कत्ल का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित बेहसा गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता संतलाल रावत के ऊपर कलयुगी बेटा बांके से वारकर लहुलुहान कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बेटा मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक हमलावर की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित बेहसा गांव निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग संतलाल रावत परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को वह घर में थे कि इसी दौरान उनका 35 वर्षीय बेटा नीरज रावत शराब पीने के लिए पिता से पैसे मांगने लगा। बताया जा रहा है कि पैसे न देने पर नीरज बौखला गया और घर में रखा बांके से ताबड़तोड़ वारकर पिता पर कहर बनकर बरस पड़ा। बांका लगते ही बुजुर्ग संतलाल रावत लहुलुहान होकर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर घरवाले और आसपास के लोग दौड़े तो खुद को घिरता देख हमलावर बेटा मौके से भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि नीरज रावत शराब पीने का आदी है और आए दिन शराब पीने के लिए पिता से पैसे मांगता है। रोज की तरह बुधवार को भी बिगड़ैल सपूत नीरज पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। जब पिता ने पैसे देने से इंकार किया तो वह बांके से वारकर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस का कहना है कि हमलावर बेटे की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




