August 8, 2026 2:11 am

​कांशीराम सांस्कृतिक स्थल पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, विशाल भंडारे में हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद

लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी के बंगला बाजार स्थित कांशीराम सांस्कृतिक स्थल पर मंगलवार को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन में आस-पास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ यह भंडारा देर शाम तक अनवरत चलता रहा, जिसमें समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​हनुमान जी की आराधना से हुई शुरुआत

​कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। सर्वप्रथम संकटमोचन हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। बजरंगबली को छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की गई, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण कर भंडारे की शुरुआत की गई।

​धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश

​भंडारे के मुख्य आयोजक और पार्क प्रबंधक अभिनव सिंह ने इस अवसर पर कहा कि ​”बालाजी महाराज में हमारी अटूट आस्था है और उन्हीं की प्रेरणा से इस भंडारे का आयोजन संभव हो सका है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी धार्मिक चेतना को जाग्रत करते हैं, बल्कि समाज में जनसेवा, समरसता और सामाजिक एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। भूखे को भोजन कराना ही सबसे बड़ी सेवा है।”

व्यापक स्तर पर की गई थीं व्यवस्थाएं

​भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रसाद के रूप में पारंपरिक पूड़ी-सब्जी और छोला-चावल के साथ-साथ लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए ठंडे शरबत की भी व्यवस्था की गई थी। सुचारू रूप से व्यवस्था चलाने के लिए वालंटियर्स तैनात थे, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्रसाद पाने में कोई असुविधा न हो।

​इन प्रमुख लोगों का रहा विशेष सहयोग

​इस भव्य सेवा कार्य को सफल बनाने में कई गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपना सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल रहने वालों में ​नेहा सिंह, ​मनीष, धर्मेन्द्र यादव, ​जावेद खान, ​डॉ. नीति टंडन, ​धरम सिंह रहें।

​इसके अलावा स्थानीय युवाओं और पार्क प्रशासन के कर्मचारियों ने भी सेवा भाव से पंडाल में आए श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसने और व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई। देर शाम तक चले इस भंडारे की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!