आगरा एक्सप्रेसवे पर रेवरी टोल प्लाजा के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। शहीद पथ, यमुना एक्सप्रेस वे व आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क दुघर्टनाओं में मौत होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। काकोरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात आगरा एक्सप्रेसवे पर रेवरी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर और कार में हुई भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित गौरी विहार कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय राजेन्द्र यादव कार नंबर यूपी 32 एन क्यू 1596 में पत्नी 40 वर्षीय सविता यादव, 12 वर्षीय बेटे पार्थ, 45 वर्षीय राजेश यादव, उर्मिला यादव के साथ रविवार रात कहीं जा रहे थे कि जैसे ही वह काकोरी क्षेत्र के आगरा एक्सप्रेसवे पर रेवरी टोल के पास पहुंचे कि तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर एन एल 01 एबी 9886 की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों 45 वर्षीय राजेश यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस क्रेन की मदद से कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा करवाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




