August 8, 2026 2:15 am

गुडंबा के बाद अब नगराम में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक युवती सहित दो जख्मी 

एक के बाद कई हुए धमाके, पूरे इलाके में दहशत 

फैक्ट्री मलबे में हुई तब्दील, दूर तक सुनी गई धमाके की आवाज 

पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मी बचाव कार्य में जुटे, प्रशासनिक अफसर मौके पर 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। वर्ष 2025 के सितंबर महीने में गुडंबा क्षेत्र के बेहटा कस्बे में घर में पटाखा बनाते समय हुए विस्फोट का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब नगराम थाना क्षेत्र के देवती गांव के बाहर संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को जबरदस्त विस्फोट हुआ। एक के बाद हुए कई धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। हादसे में एक युवती सहित दो लोग घायल हो गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि फैक्ट्री घनी आबादी से दूर थी, वरना मामला भयावह होता। सूचना मिलते ही पुलिस फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों समेत बम निरोधक दस्ते ने छानबीन की। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक यह फैक्ट्री लाइसेंसधारक मोहम्मद शफीक के नाम है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

नगराम थाना क्षेत्र स्थित देवती गांव निवासी मोहम्मद शफीक पुत्र मोहम्मद लतीफ की गांव के बाहर पटाखा बनाने की फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह सोमवार को भी फैक्ट्री में पटाखा बनाने का काम चल रहा था। शफीक के गोदाम में पटाखों का निर्माण व भंडारण का काम होता था। गोदाम में पटाखे व विस्फोटक जमा था। दोपहर करीब एक बजे लाइसेंसी धारक मोहम्मद शफीक की फैक्ट्री में विस्फोट हुआ, जिसके बाद कई धमाके हुए। धमाका इतना जबरदस्त था कि उनकी गूंज दूर तलक सुनी गई। धमाकों से पूरे देवती गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते तमाम ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चारों ओर धुआं ही धुआं देख ग्रामीणों के कदम ठिठक गए और बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद सहित कई पुलिस के आलाधिकारी फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। धमाकों की चपेट में आकर मोहम्मद इस्लाम की 22 वर्षीय बेटी मारिया व राम बहादुर का 16 वर्षीय बेटा मोहित झुलसकर घायल हो गया। पुलिस आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि मोहम्मद शफीक के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी इस मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!