तीन आरोपित पुलिस हिरासत में, पूछताछ शुरू
घटना में शामिल अन्य हमलावरों की तलाश, पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दे रही दबिश
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोमतीनगर के पत्रकार पुरम चौराहे पर स्थित मनीष ईटिंग प्वाइंट पर रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के ताबड़तोड़ हुई फायरिंग कर रसोइया बाराबंकी निवासी अखिलेश की पीठ में गोली मारने वाले आरोपी प्रणव शुक्ला को इंस्पेक्टर गोमतीनगर की टीम ने पूछताछ के बाद पुख्ता सबूत हाथ लगते ही गिरफ्तार कर लिया। जबकि अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी व सार्थक कपूर को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गोमतीनगर क्षेत्र के पत्रकार पुरम चौराहा स्थित मनीष ईटिंग प्वाइंट पर रविवार देर शाम किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद हुई गोलियों की बौछार के दौरान मनीष ईटिंग प्वाइंट में कार्यरत रसोइया बाराबंकी निवासी अखिलेश की पीठ में गोली जा धंसी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोलियों की तड़तड़ाहट होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट गोमतीनगर के अलावा कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चन्द्र तिवारी का कहना है कि इस मामले में तीन लोगों की तहरीर पर तीन मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल के बाद सोमवार को आरोपी प्रणव शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी व सार्थक कपूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चन्द्र तिवारी के मुताबिक घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायल रसोइया अखिलेश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




