असलहों से लैस बदमाशों ने युवक को मारी गोली, पैर में गोली लगते ही हुआ लहुलुहान
दुस्साहस: घायल ट्रामा सेंटर में भर्ती, हालत नाजुक
वर्चस्व को लेकर हुई घटना का मामला, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी में दुस्साहसिक घटनाओं का सिलसिला बरकरार है। तीन दिनों पहले सआदतगंज हुए गोलीकांड का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब कैसरबाग इलाके में रविवार देर रात रतन स्क्वायर के असलहों से लैस बदमाशों ने घेरकर एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पैर में गोली लगते ही युवक लड़खड़ाकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि पुलिस घायल की हालत खतरे से बाहर होने की बात बता रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वजीरगंज क्षेत्र स्थित पीर जलील खटिकाना निवासी हर्षित सोनकर ने कैसरबाग पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह रविवार देर रात करीब एक बजे अपने मित्रों के साथ डायना कैफे गया था। बताया जा रहा है कि वहां कैफे मालिक से किसी बात को लेकर कुछ लोगों से लड़ाई-झगड़ा हो रही थी। यह देख हर्षित बीच-बचाव करने करने लगा तो उक्त लोगों ने उसे धमकियां दी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान रतन स्क्वायर के पास उक्त व्यक्तियों द्वारा घेरेबंदी कर गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे। आरोप है कि सिराज और रिजवान नाम के शख्स ने असलहा तानकर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। इस दौरान हर्षित के मित्र अनस के बाएं पैर में गोली छीलते हुए पार हो गई, जिससे वह लड़खड़ाकर वहीं गिर पड़ा।
देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर गहरी नींद में सो रहे आसपास के लोगों की नींद टूट गई और अपने-अपने घरों से बाहर निकल पड़े। लोगों की भीड़ जमा होते देख हमलावर असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में हर्षित सोनकर की तहरीर पर सिराज व रिजवान नाम के शख्स के खिलाफ जान लेवा व एससी एसटी एक्ट के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही। पुलिस घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराकर मामले की छानबीन कर रही है।





