गंगागंज के सुल्तानपुर हाईवे पर हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज में सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार सुबह तड़के पौने चार बजे ईंट लादकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में चालक सहित चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र स्थित अचकाकाममऊ गांव निवासी 35 वर्षीय पीतांबर रावत देशराज नाम के आरबीएफ ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर चलाता था। उन्होंने बताया कि रोज की तरह पीतांबर शनिवार सुबह तड़के करीब पौने चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ईंट लादकर जा रहा था कि जैसे ही वह गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज के सुल्तानपुर हाईवे पर पहुंचा कि अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
ट्रैक्टर पलटते ही उस पर सवार मजदूर ट्राली के नीचे दब गए। खबर मिलते ही पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायलों को गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक उनकी पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत पुत्र लल्लन रावत, 35 वर्षीय पीतांबर रावत पुत्र कालू रावत, 25 वर्षीय पवन रावत पुत्र कमल रावत व बलराम रावत पुत्र राम सुरेश रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाईवे से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाकर यातायात व्यवस्था को चालू कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





