पंचसरा गांव के पास हुई घटना का मामला, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोसाईगंज क्षेत्र में शनिवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की हुई मौत का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि इसी थाना क्षेत्र के पंचसरा गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार से आ रहे एक युवक की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गड्डे में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित पंचसरा गांव के पास सोमवार को एक युवक की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
इंस्पेक्टर गोसाईगंज दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद मृतक की पहचान सीतापुर जिले के सिधौली थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर गांव निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार पुत्र कमलेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मोटरसाइकिल बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और मोटरसाइकिल के नीचे दब कर मौत हो गई है। इंस्पेक्टर गोसाईगंज का कहना है युवक अपने बाइक के नीचे दबा हुआ था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।




