ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक तरह के शातिर नहीं यहां किस्म-किस्म के चोर व लुटेरों का आतंक है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम ने रविवार को एक ऐसे गिरोह के सदस्य को दबोचा है जो अपनी महंगी शौक पूरी करने के लिए बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने के नाम से लोगों से मोटी रकम ऐंठ रहा था। यह बिजली कर्मचारी बनकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहा था। पुलिस गिरफ्तार कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक रविवार को चिनहट क्षेत्र स्थित बलराम नगर निवासी जाबिर पुत्र इब्राहिम ने सूचना देकर बताया कि एक शख्स खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने फर्जी तरीके से अवैध वसूली कर रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट करने पर अमादा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण मंडप निवासी मोहम्मद शाद पुत्र फुरकान बताया। बताया जा रहा है कि इस आरोपी खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों का बिजली कनेक्शन कराने के नाम पर दूसरों के घरों के बाहर लगे मीटर को उखाड़ कर मोटी रकम ऐंठ कर भाग निकलता था, लेकिन रविवार को वह इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम के हत्थे चढ़ गया।




