July 30, 2026 1:37 am

तरूण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

आईपीएस अफसर अमरेन्द्र कुमार सेंगर से संभाला कार्यभार

ए अहमद सौदागर लखनऊ। 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरूण गाबा राजधानी लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर बनाए गए हैं। उन्होंने बुधवार को तबादला हुए अमरेन्द्र कुमार सेंगर से कार्यभार ग्रहण कर लिया। तरूण गाबा के साथ ही 15 पुलिस के आलाधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
मूलतः चंडीगढ़ के निवासी तरूण गाबा सीबीआई से लेकर महाकुंभ तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।अभी तक वह एडीजी सुरक्षा के पद पर कार्यरत थे। तरूण गाबा पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल कम्यूनिकेशन में बीई की डिग्री ली है।

इसके बाद उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से पुलिस मैनेजमेंट में एमडीपीएम, साइबर लॉ में पीजी और अमेरिका के एक कॉलेज के पब्लिक पॉलिसी में एडवांस मैनेजमेंट कोर्स किया।

उन्होंने कहा कि अपने अबतक के कैरियर में जिलों की भी कमान संभाल चुके हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई में डीआईजी के पद तैनाती के दौरान बहुचर्चित घोटाले से लेकर डेरा सच्चा जैसे मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर अहम भूमिका निभाई थी।

यह तो महज बानगी भर है आईपीएस अधिकारी तरूण गाबा प्रयागराज में बतौर आईजी रेंज रहते हुए उन्होंने देश के सबसे बड़े अध्यात्मिक मेला महाकुंभ की सुरक्षा को लेकर बहुत बड़ा रोल अदा किया था, जिसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ सेवा 2025 से नवाजा था इसके अलावा भी उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

साइबर अपराधियों के खिलाफ छेड़ेंगे जंग, लखनऊ कमिश्नर बनने के बाद तरूण गाबा का एलान

सूबे के राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर बनने के बाद आईपीएस अधिकारी तरूण गाबा ने अत्याधुनिक उपकरणों के सहारे अपराध करने वाले साइबर अपराधियों से निपटने के लिए खुली जंग का एलान किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि समाज में सिर्फ अच्छे और बुरे लोग हैं, इनमें अधिकांश अच्छे लोग हैं और बाकी लुटेरे, डकैत, और साइबर अपराध करने वाले हैं जो अपनी तकनीक के सहारे लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने का काम करते हैं। उन्होंने साफ कहा कि हम ऐसे लोगों को कत्तई बख्शेंगे नहीं।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में नया पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को पत्रकारों से रूबरू हुए और इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन ने उनपर विश्वास जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिस पर खरा उतरने की हर कोशिश होगी।

आम जनता से शालीनता से पेश आएं पुलिसकर्मी

नए पुलिस कमिश्नर बोले- पद की चुनौतियों का मुझे एहसास

राजधानी लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरूण गाबा ने माना है कि उन्हें बड़े उम्मीद के साथ शासन ने यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने दावा किया, हर तरफ की दिक्कत को मजबूती से निपटा जाएगा। उन्होंने ने मातहतों से अपेक्षा जाहिर की कि वे आम जनता से शालीनता और विनम्रता से पेश आएंगे।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि महिलाओं एवं लड़कियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाना और तरह-तरह की अत्याधुनिक उपकरणों को अपनाकर संगीन घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों से निपटने के लिए उनकी अहम प्राथमिकता होगी।

वहीं यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार प्रसार करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन-जिन लोगों को साइबर अपराधियों ने निशाना बनाकर उनकी गाढ़ी कमाई लूटी है उसे जल्द ही दिलाने की कोशिश की जाएगी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!