August 8, 2026 4:06 am

दक्षिण कोरिया के पॉप गायक ने कहा—नमस्ते लखनऊ, गाया—ये शाम मस्तानी

लखनऊ । अपने अलहदे अंदाज के लिए विख्यात लखनऊ। जग प्रसिद्ध यहां की सुहानी शाम में हजारों की भीड़ से खचाखच भरा प्रांगण। सबको इंतजार है अपने चहेते दक्षिण कोरियन पॉप गायक का। धैर्य की परीक्षा चरम पर पहुंचती है। तभी मंच पर आ जाते हैं अऊरा और फ्राइडे। हाथ जोड़कर—नमस्ते लखनऊ… दर्शक दीर्घा से भी नमस्ते—नमस्ते की गूंज। समारोह की शुरुआत—ये शाम मस्तानी… हिंदी में इन पंक्तियों के बाद पूरा गाना कोरियाई में। दो देशों की संस्कृति के मेल—मिलाप का भला इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है। इसी उद्देश्य से तो पर्यटन विभाग प्रदेश में दक्षिण कोरियन पॉप संगीत का आयोजन कर रहा है। देश में दक्षिण कोरियन पॉप संगीत की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ रही है।

बख्शी का तालाब स्थित एसआर ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट में शुक्रवार की शाम आयोजन की जानकारी पहले से ही लखनवियों को थी। तभी तो तय समय पर हजारों संगीत प्रेमियों से मैदान भर गया। इसमें सबसे ज्यादा संख्या युवाओं खासकर विश्वविद्यालय—कालेज के छात्र—छात्राओं की थी। मंच पर आते ही अऊरा और फ्राइडे ने अभिवादन किया है। इसके बाद कहा— कैसे हो आप—सबने कहा, अच्छा और आप—हम भी अच्छे हैं। इसी बीच शुरू हुआ गाने का दौर, ये शाम मस्तानी…के बाद नाचेंगे सारी रात… और आंख मारे लड़की…गाने को पूरा हिंदी में सुनाया। श्रोताओं की फरमाइश पर जिमी—जिमी और अऊवा—अऊवा को भी गाया। कई मशहूर दक्षिण कोरियन गाने भी सुनाए जिसपर खूब तालियां बजीं। कार्यक्रम में एमएलसी पवन सिंह चौहान समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।देखा इमामबाड़ा और रूमी दरवाजादक्षिण कोरियन पॉप कलाकार अऊरा और फ्राइडे शुक्रवार को लखनऊ में इमामबाड़ा, रूमी दरवाजा और क्लाक टावर का भ्रमण किया। यहां फोटोग्राफी की और वीडियो भी बनाए।

कहा कि यूपी बहुत अच्छा है। लौटकर दक्षिण कोरिया में सुनाएंगे हिंदी गानेदरअसल, उत्तर प्रदेश और कोरिया का करीब दो हजार साल पुराना रिश्ता है। अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना जो कि बाद में कोरिया की महारानी बनींं। वहां के काफी लोग अयोध्या को अपना ननिहाल मानते हैं। यह वक्त भारत और दक्षिण कोरिया के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ का भी है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक मेल—मिलाप बढ़ा रही है। पर्यटन विभाग की ओर से प्रदेश में संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दक्षिण कोरियन पॉप कलाकार अऊरा और फ्राइडे अपनी शानदार प्रस्तुति दे रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रेटर नोएडा से हुई, इसके बाद फिरोजाबाद, मैनपुरी, लखनऊ में संगीत समारोह का आयोजन किया गया। कल यानी 16 सितंबर को कानपुर और 27 सितंबर को आगरा में प्रस्तुति देंगे। खासबात यह कि दक्षिण कोरियन के साथ—साथ हिंदी में भी गाने लोगों को सुना रहे हैं। कुछ गाने ऐसे हैं जिनका कुछ हिस्सा हिंदी तो कुछ अपनी भाषा में गा रहे हैं। ये कलाकार दक्षिण कोरिया लौटने के बाद वहां भारतीय गीतों को अपनी भाषा में सुनाएंगे।संगीत एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिये भावनात्मक रिश्ते बनते हैं। दक्षिण कोरियन पॉप संगीत से दोनों देशों के रिश्ते और आत्मीय होंगे। एक—दूसरे के प्रति लगाव बढ़ेगा। इससे प्रदेश में पर्यटन और तेजी से विकास करेगा। भविष्य में हम यहां के कलाकारों को भी मौका देंगे कि वे दक्षिण कोरिया में जाएं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!