लखनऊ। दीपावली पर्व को लेकर लखनऊ पुलिस ने भी सारी तैयारियां पूरी कर ली है। शहर में पटाखों की दुकानें जहां पहले लगती है उसी के हिसाब से लाइसेंस जारी किया गया है। साथ ही भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों व बाजारों में पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। पिंक बूथ पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों के ड्यूटी का समय भी बढ़ा दिया गया है। चूंकि महिलाएं देर रात तक खरीदारी करेंगी। ऐसे में उनके साथ कोई अप्रिय घटना न हो यह देखते हुए उक्त कदम उठाया गया है।डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि दीपावली को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे है। ताकि किसी कोई दिक्कत न होने पाये और त्योहार सकुशल सम्पन्न हो जाए। इसको लेकर पुलिस ने विस्तृत तैयारी कर ली है। शहर में निर्धारित स्थानों पर पटाखा की दुकानों को ही लाइसेंस जारी किया गया है। बिना लाइसेंस के कोई पटाखा बेचते पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। पटाखा की दुकानों पर अग्निशमन विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों व प्रमुख बाजारों में दो पहिया व चार पहिया वाहनों का प्रवेश शाम के समय पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस व महिला पुलिस की ड्यूटी रहेगी जो आवश्यकता पड़ने पर लोगों की मदद करने का काम करेंगी।शहर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पिंकू बूथ बनाये गए है। यहां पर महिला पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है। धनतेरस व दीपावली पर देर रात तक महिलाएं बाजार में खरीदारी करती है। इसलिए पिंक बूथ में तैनात मुहिला पुलिस कर्मियों का रात में समय बढ़ा दिया गया है। डीसीपी मध्य ने लोगों से अपील की दीपावली पर पटाखे खुले मैदान में फोड़े। सड़क पर किसी प्रकार की आतिशबाजी न की जाए।




