November 5, 2026 1:21 am

पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पर खान अधिकारी, कानपुर देहात को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि

अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश माला श्रीवास्तव द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के संबंध में सुभाष सिंह, खनन अधिकारी, कानपुर देहात को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की गई है। विभागीय कार्यों के प्रति लापरवाही एवं निर्धारित दायित्वों के समुचित निर्वहन में कमी को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है।

माला श्रीवास्तव ने समस्त जनपदीय एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को सचेत करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में किसी भी दशा में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग न होने पाए। उन्होंने निर्देशित किया कि उपखनिजों की लोडिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सुनिश्चित की जाए तथा उपखनिज का परिवहन केवल VTS युक्त वाहनों के माध्यम से कराया जाए।

सचिव एवं निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवर्तन कार्य को सतत एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जाए तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए Source Point Control पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्रों एवं स्रोत बिंदुओं पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विभाग से संबंधित सभी प्रकार के आवेदन एवं प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा स्वेच्छाचारिता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

माला श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप खनन व्यवस्था को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखा जाए।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!