दुबग्गा में महिला हत्याकांड का खुलासा
ए अहमद सौदागर लखनऊ।थाना दुबग्गा क्षेत्र में सैदपुर अंडरपास के पास महिला का शव फेंकने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मारूफ नईम खान निवासी बांगरमऊ उन्नाव उम्र 36 साल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से मृतका का आधार कार्ड, मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है।
बीती 24 अक्टूबर को सैदपुर अंडरपास के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इस पर थाना दुबग्गा में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धारा में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस की जांच में मृतका की पहचान नरगिस उर्फ आशिया उर्फ टीना के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी मारूफ ने बताया कि वह और मृतका दोनों तलाकशुदा थे, दोनों में दोस्ती थी और उसने शादी का वादा किया था। इसी दौरान उसने मृतका से 5 लाख रुपये उधार लिए थे।
बीती 22 अक्टूबर को मारूफ ने दूसरी युवती से शादी कर ली। यह पता चलने पर नरगिस ने 5 लाख रुपये वापस मांगे और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पैसे लौटाने में असमर्थ होने पर मारूफ ने अपने दोस्त आमिर खान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। मृतका को कार में बैठाकर गला दबाकर मार डाला और शव अंडरपास के पास फेंक दिया। आरोपी ने मृतका के फोन से दूसरे के नाम से मैसेज भी भेजा था।
पुलिस ने आरोपी को 28 अक्टूबर रात मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। उसके साथी आमिर खान की तलाश की जा रही है।




