August 8, 2026 2:14 am

बंथरा: बेख़ौफ़ चोरों ने सोने-चांदी की दुकान तीन का ताला तोड़ गहने उड़ाए

ए अहमद सौदागर  लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने ज्वेलर्स की तीन दुकानों को निशाना बनाया। एक दुकान से 40 से 50 हजार रुपये के चांदी के गहने चोरी किए। दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास किया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।

बंथरा थाना क्षेत्र के रामचौरा गांव निवासी कौशल कुमार रावत की कानपुर रोड पर हनुमान मंदिर के पास ‘धर्मवीर ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। कौशल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। बुधवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने उनकी दुकान का शटर टूटा देखा और उन्हें इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंचने पर कौशल ने पाया कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर से लगभग 40 से 50 हजार रुपये कीमत का चांदी का सामान गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान, बगल में स्थित बंथरा गांव निवासी अभिजीत सिंह की ‘राजलक्ष्मी ज्वेलर्स’ दुकान का शटर भी टूटा हुआ पाया गया। हालांकि, चोर यहां से कोई सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात करीब 1:30 बजे तीन युवक शटर तोड़कर दुकानों में घुसते हुए साफ दिखाई दिए हैं।

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगा खेड़ा स्थित चंद्रशेखर आजाद नगर कॉलोनी में रनियापुर गांव निवासी बसंत कुमार की ‘अन्नू ज्वेलर्स’ दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान पर उनके बेटे दीपक रहते हैं। दीपक के अनुसार, मंगलवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदारों ने उनकी दुकान का शटर टूटा देख उन्हें सूचना दी। दीपक ने जांच की तो पता चला कि चोर यहां से भी कोई सामान नहीं ले जा सके थे। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 3:30 बजे एक व्यक्ति टॉर्च की रोशनी में दुकान में सामान तलाशता नजर आ रहा है। पुलिस केस दर्ज कर चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!