August 8, 2026 2:12 am

बाजारखाला: कार सवार रईसजादे युवक की खुली गुंडई 

चेकिंग के दौरान यातायात होमगार्ड जवान को बीच सड़क पर दिया धक्का, कहा औकात में रहो 

खाकी वर्दी कितना बर्दाश्त करती है सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो से सहज अंदाजा लगाया जा सकता है 

कार्रवाई कर पुलिस ने कार को किया सीज, सरकारी काम में बाधा डालना पड़ा भारी

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खुद को सिंघम और दबंग महसूस करने वाले आरोपी को भेजा सलाखों के पीछे 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बाजारखाला थाना क्षेत्र में रविवार को लखनऊ यातायात में तैनात होमगार्ड जवान हामिद अली यातायात पुलिसकर्मियों के साथ चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार से फर्राटा भरते हुए आ रहे कार सवार को चेकिंग के लिए रोका तो कार में बैठे युवक का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और कहने लगा कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई। विरोध करने पर खुद को सिंघम और दबंग महसूस करने वाला युवक अभद्रता करते हुए बीच सड़क पर धक्का दे डाला। सरकारी काम में बाधा डालने और होमगार्ड जवान हामिद अली से मारपीट करने की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर बाजारखाला दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सरेराह दबंगई करने वाले दबंग को धरदबोचा। पुलिस ने होमगार्ड जवान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया।

बताते चलें कि रोज की तरह यातायात पुलिसकर्मी होमगार्ड जवानों के साथ बाजारखाला थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार से फर्राटा भरते हुए कार नंबर यूपी 32 क्यू एस 2290 पर सवार होकर निकला। कार कार की रफ्तार और उसमें सवार युवक का हाव-भाव देख यातायात पुलिस में तैनात होमगार्ड जवान हामिद अली ने रूकने का इशारा किया तो उसका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार से उतरते ही युवक ने सिर्फ अभद्रता नहीं की बल्कि बीच सड़क पर होमगार्ड जवान को धक्का देकर गिरा दिया। युवक की दबंगई देख वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर बाजारखाला के मुताबिक कार सवार युवक की पहचान काकोरी क्षेत्र स्थित दुर्गापुरी कालोनी बादल खेड़ा निवासी वैभव मौर्या पुत्र राकेश कुमार मौर्या के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि होमगार्ड जवान हामिद अली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!