August 8, 2026 2:25 am

भाजपा सरकार में आज देश में अघोषित आपातकाल है- अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में आज देश में अघोषित आपातकाल है। पत्रकारों के सच लिखने पर पाबंदी है। जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव हो रहा है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जब लोग इमरजेंसी को याद कर रहे हैं तो इस समय जो इमरजेंसी है उसे भी ध्यान में रखना चाहिए। भाजपा सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर रही है। लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। विपक्षी दलों के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगाकर जेल में डाला जा रहा है।

फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय छोटे सिंह यादव की त्रयोदशी एवं शांति पाठ कार्यक्रम शामिल होने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी को याद है कि जयप्रकाश नारायण जी ने संपूर्ण क्रांति का आवाह्न किया था। उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है। उसी समय सम्पूर्ण क्रांति का आंदोलन चला था। जिसके बाद लोगों को इमरजेंसी देखने को मिली। आज भी महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। लोगों की आवाज दबाई जा रही है। सच बोलने पर प्रताड़ित किया जा रहा है। इस समय देश में अघोषित इमरजेंसी है। भाजपा इस अघोषित इमरजेंसी का दिवस कब मनाएगी?

श्री यादव ने कहा कि आज जो घटनाएं हो रही हैं ऐसा इमरजेंसी में भी नहीं हुआ था। इटावा में वर्चस्ववादी लोगों ने भागवत कथा वाचकों के साथ दुर्व्यवहार किया। अपमानित किया। बाल काट दिया, चोटिया काट दिया और उनके ऊपर पेशाब डाल दियाा। समाज में ऐसे शोषणकारी और वर्चस्ववादी लोगों के लिए जगह नहीं होनी चाहिए। प्रदेश में जिस तरह की घटनाएं हो रही है। उसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर जगह हर स्तर पर भ्रष्टाचार है। सभी विभागों में भ्रष्टाचार और लूट हो रही है। ट्रांसफर पोस्टिंग से लेकर हर कार्य में वसूली हो रही है। जल जीवन मिशन योजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। भ्रष्टाचार के भार से पानी की टंकिया हर महीने ढ़ह रही हैं। इसी तरह से भारी अवैध खनन हो रहा है। भाजपा के एक विधायक ने अवैध खनन रोकने पर एसडीएम को ही पीट दिया।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में आउटसोर्स व्यवस्था खत्म करेगी। युवाओं को पक्की नौकरी देगी। भाजपा सरकार में भर्तियों में पीडीए के लोगों को संविधान के अनुसार आरक्षण नहीं मिला। आरक्षण में भारी हेरफेर हुआ है। हमारी मांग है कि सरकार पुलिस भर्ती की पूरी सूची जारी कर दे। सब पता चल जायेगा कि किस तरह की धांधली हुई है। समाजवादी सरकार के दौरान पुलिस की भर्ती मेरिट से, पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से हुई थी। लम्बे समय से पुलिस विभाग में प्रमोशन नहीं हुआ था। समाजवादी सरकार ने बड़े पैमाने पर पुलिस का प्रमोशन किया था।

इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद श्री छोटे सिंह यादव ने कहा कि श्री छोटे सिंह यादव समाजवादी चिंतक थे। वह बहुत वरिष्ठ नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने में लगा दिया। आज शांति पाठ कार्यक्रम में शामिल होकर हमने परिवार के लोगों से मिलकर श्री छोटे सिंह यादव को याद किया। समाजवादी पार्टी ने एक ऐसा नेता खोया है जो संगठन को और जमीनी मुद्दों को समझते थे। उनकी कमी हमेशा दिखाई देगी। हमें उम्मीद है कि परिवार के लोग उनकी कमी की भरपाई करेंगे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!