April 21, 2026 3:27 pm

भाजपा सरकार में कुछ लोगों को खुली छूट हैं, वे खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे है- श्री अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी, आदिवासियों) पर चुन-चुनकर हमला हो रहा है। भाजपा सरकार में कुछ लोगों को खुली छूट हैं, वे खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे है। उनमें कानून का डर नहीं है क्योंकि सत्ता में ऊपर से लेकर नीचे तक पदों पर उन्हीं के सजातीय लोग बैठे है। इनको सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। प्रयागराज में दलित समाज के व्यक्ति को जिन्दा जला दिया गया। वाराणसी में पटेल समाज के छात्र को गोली मारी गयी, जौनपुर में मौर्य समाज के नौजवान की पीट-पीटकर हत्या हुई, आजमगढ़ में सरोज जाति के नौजवान को जय भीम का नारा लगाने के कारण मार दिया गया। रामपुर में दलित मूक बधिर बच्ची के साथ बलात्कार हुआ। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अराजकता का माहौल है।

सोमवार को समाजवादी पार्टी, प्रदेश मुख्यालय लखनऊ पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद श्री रामजीलाल सुमन पर हमला इसलिए हुआ क्योंकि वह दलितों को कुचलने वालों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बुलन्दशहर के सुनहरा गांव जा रहे थे, जहां सत्ता के सजातीयों ने दलितों को कई बार बेरहमी से रौंदा था, उसमें एक दलित महिला की मौत हो गयी थी। कई लोग बेरहमी से कुचले गये थे। रामजी लाल सुमन पर किया गया हमला सरकार और कानून व्यवस्था को चुनौती है।

श्री यादव ने कहा कि श्री रामजी लाल सुमन पर हमला डराने के लिए हुआ है। हमलावरों को सरकार और डीजीपी का सपोर्ट है। उन्होंने कहा कि हम समाजवादी लोग न हमले से डरने वाले है और न किसी के डराने से डरने वाले है। जो लोग हमें या श्री रामजीलाल सुमन को धमकी दे रहे है। वे हमको नहीं मुख्यमंत्री जी, डीजीपी और वर्दी वालों को चुनौती दे रहे है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। हम लोग कानून, संविधान और लोकतंत्र को मानने वाले लोग हैं, जो हमें चुनौती दे रहे हैं, वे खुलेमन से आये बात कर लें। खुलकर चर्चा कर ले। हम खुलेमन से बात करने को तैयार है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों की लड़ाई आर्थिक समानता और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए है। समाजवादी पार्टी यूपी से भाजपा का सफाया करेगी। जिस दिन हम लोग सामाजिक न्याय के राज की स्थापना में कामयाब हो जायेंगे, उसी समय बहुत सारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज सबसे बड़ा सवाल है कि आतंकवादी यहां कैसे आ गए? कई राज्यों में शहीद पर्यटकों के परिवारों से सरकार के मंत्रियों को तमाम शिकायतें सुननी पड़ी है। पर्यटकों पर आतंकी घटना वाली जगह डेढ़ घंटे तक मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। सरकार कह रही है कि अमृत काल चल रहा है। विश्व गुरु बन गए है। दावा है कि विश्व में डंका बज रहा हे। दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे है, लेकिन घायलों को समय से इलाज नहीं मिल पाया।

श्री यादव ने कहा कि कानपुर में शहीद परिवार से मिलने समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता जा चुके है। पार्टी की ओर से अपनी संवेदना प्रकट की है। भाजपा के लोग ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हर महापुरूष से लोगों की भावनाएं जुड़ी होती है। कोई ऐसा शब्द नहीं प्रयोग करना चाहिए जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!