लखनऊ। (संवाददाता) मंदिर चलो अभियान के अंतर्गत राम लीला मैदान में तृतीय हनुमान चालीसा जन पाठ का भव्य आयोजन किया गया। राम चबूतरा पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर भगवान हनुमान की महिमा का गुणगान किया। चालीसा पाठ के बाद बजरंग बली की भावपूर्ण आरती उतारी गई, जिससे वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में चिनहट प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण कुमार राय मुख्य ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और नियमित रूप से मंदिर जाएं। राय ने कहा कि मंदिर जाने से मन को अपार सुकून मिलता है। यह न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। आज के भागदौड़ भरे दौर में मंदिर ही वह स्थान है जहां व्यक्ति अपनी आत्मा से जुड़ पाता है।
बीजेपी के मंडल अध्यक्ष कमल पांडेय ने भी संबोधित करते हुए कहा कि मंदिर चलो अभियान हिंदू संस्कृति की रक्षा और संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अभियान हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है। भगवान राम और हनुमान की भक्ति से ही हमारा समाज मजबूत बनेगा। सभी को कम से कम सप्ताह में एक बार मंदिर अवश्य जाना चाहिए। पांडेय ने युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के दौर में मंदिर की शांति ही सच्चा सुख देती है।
कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पूरा मैदान ‘जय हनुमान, जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान चिनहट क्षेत्र में अनवरत जारी रहेगा। प्रत्येक मंगलवार को यह आयोजन सायं काल में होता है।




