गोमती नदी किनारे पड़ा मिला बच्ची का कपड़ा व चप्पल
सीसीटीवी कैमरे में बालिका को ले जाता दिखा कलयुगी मौसा कुलदीप, हत्या कर शव नदी में फेंकें जाने की आंशका
शव गोमती नदी से बरामद, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र से लापता हुई एक बालिका की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव गुरुवार को एसडीआरएफ टीम की मदद गोमती नदी से बरामद किया गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की गहनता से छानबीन कर रही। पुलिस संदेह के आधार पर मृतका के मौसा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
बुधवार रात करीब नौ बजे पुलिस हेल्पलाइन 112 सूचना देकर बताया कि उसकी नाबालिग बहन अपने मौसा के साथ गई, जहां रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने मौसा के साथ मारपीट कर उसकी नाबालिग बहन को अगवा कर ले गए।
नाबालिग बच्ची को अगवा किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को खबर देने वाले ने बताया कि उसके मौसा मड़ियांव के मामा कॉलोनी निवासी कुलदीप उसकी बहन को दवा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से पीली कॉलोनी दाऊद नगर गया। इसी दौरान कुलदीप ने नाबालिग बच्ची के घरवालों को सूचना दी कि चार पहिया सवार बदमाशों ने बालिका को अगवा कर ले गए। यह सुनते ही घरवालों के होश उड़ गए और आनन-फानन में पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद देखा गया कि कुलदीप अधिक शराब पी रखा है, यहीं से घटना ने अलग मोड़ ले लिया।
पुलिस कुलदीप से पूछताछ शुरू की तो उसकी बातों में विरोधाभास था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि देखा कि पीपा पुल के पास गोमती नदी किनारे नाबालिग बच्ची के कपड़े व चप्पल मिले।
पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाला तो उसमें साफ दिख रहा है कि कुलदीप बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पीपा पुल की ओर ले जा रहा है। लेकिन वहां पर कोई चार पहिया वाहन नहीं दिखाई दे रही थी। इससे यही लग रहा है कि कुलदीप ने ही रिश्ते को कलंकित करते हुए नाबालिग बच्ची को मौत की नींद सुलाने के बाद शव को नदी में फेंकने के बाद अपहरण किए जाने की कहानी गढ़ डाला। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से गुरुवार सुबह बालिका के शव को बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है। हालांकि पुलिस संदेह के दायरे में आए कलयुगी मौसा कुलदीप को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामला अधिक संवेदनशील है, जिसके चलते इस मामले में कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।




