घटना में किसी करीबी का हाथ होने की आंशका, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही पड़ताल
निशांत गंज की तीसरी गली में हुई वारदात
ए अहमद सौदागर लखनऊ। महानगर थाना क्षेत्र के निशांत गंज की तीसरी गली में बदमाशों ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। गले पर दबाव व चोट के निशान मिले हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ छानबीन की। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर घरवाले जगाने पहुंचे तब जाकर वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस घटना में किसी करीबी का हाथ होने की आंशका जता रही है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
महानगर क्षेत्र के निशांत गंज की तीसरी गली निवासी 69 वर्षीय निर्मला देवी अपने बेटे, बहू, पोते व दो पौत्रियों के साथ रहतीं थीं। बताया जा रहा है कि रोज की तरह बुजुर्ग महिला निर्मला देवी शनिवार रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गईं थीं।
रविवार को जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो घरवाले उन्हें जगाने के लिए कई बार लगाई। कोई जवाब न मिलने पर घरवालों ने दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया। भीतर निर्मला देवी का शव पड़ा था। गले पर किसी चीज से दबाव व खरोंच के निशान थे। कमरे में चारों ओर सामान बिखरा था, इससे आंशका जताई जा रही है बुजुर्ग महिला निर्मला देवी जान बचाने के लिए प्रयास किया, लेकिन बदमाशों के आगे घुटने टेक कर रह गईं।
निर्मला देवी की हत्या की खबर मिलते ही लोगों को जमावड़ा लग गया। सूचना पाकर डीसीपी सहित पुलिस के कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड व फिंगर एक्सपर्ट को बुलाया। पुलिस के मुताबिक खोजी कुत्ता घटनास्थल से होकर कुछ दूर तक गया फिर लौट आया। इस लिए आंशका जताई जा रही है हत्यारा इर्द-गिर्द का ही रहने वाला है। यह भी आंशका जताई जा रही है बदमाश पूरी तैयारी से आया था। जांच-पड़ताल में जुटे पुलिस अफसरों का कहना है कि इससे इन्कार नहीं किया जा सकता, लिहाजा कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है।




